खबरें देश की (Rashtra Pratham) :- भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर करनाल में किसान महापंचायत करके लघु सचिवालय का घेराव करने जा रहे हैं, इसलिए हरियाणा सरकार और करनाल प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए हैं। जगह-जगह पुलिस और सुरक्षा बल के जवान तैनात हैं। इंटरनेट सेवा बंद है। करनाल शहर में हाईवे से एंट्री बैन है। न शहर वाले हाईवे पर आ सकते हैं और न ही हाईवे से उतरकर कोई शहर में घुस सकता है।एक तरह से करनाल शहर सील है। अनाज मंडी के सभी पांचों प्रवेश द्वारों पर पैरामिलिट्री फोर्स लगाई गई है, ताकि किसान शहर में घुस ही न सकें। साथ लगते इलाकों को भी सील कर दिया है। पुलिस ने रेत से भरे ट्रक अड़ाकर रास्ते ब्लॉक कर दिए हैं।
जीटी रोड से लघु सचिवालय तक आने वाले रास्ते और शहर से लघु सचिवालय तक पहुंचने वाले रास्तों को ब्लॉक किया गया है।पैरामिलिट्री फोर्स समेत सुरक्षाबलों की 40 कंपनियां तैनात की गई हैं। पुलिस की 30 कंपनियां और पैरामिलिट्री फोर्स की 10 कंपनियां लगाई गई हैं। 5 SP और 25 DSP की ड्यूटी है। वॉटर कैनन और ड्रोन भी तैनात हैं। करनाल, गुड़गांव, रोहतक, हिसार, रेवाडी रेंज की फोर्स आई हुई है। 10 कंपनियों में BSF, CRPF, RAF, ITBP शामिल हैं। मेवात, भिवानी, रेलवे अंबाला, कैथल और पानीपत के SP भी ड्यूटी पर हैं। पूरे जिले में धारा 144 लागू है।