कर्मयोगी योजना, जम्मू-कश्मीर आधिकारिक भाषा विधयेक को मिली केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी

खबरें देश की (RASHTRAPRATHAM) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में कैबिनेट ने कई अहम फैसले लिए हैं। बैठक के बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बताया कि कैबिनेट ने सरकारी अधिकारियों के लिए कर्मयोगी योजना को मंजूर कर दिया है। केंद्रीय मंत्री ने इसे अहम सुधार बताया। इसके अलावा, कैबिनेट ने जम्मू-कश्मीर आधिकारिक भाषा विधेयक 2020 को भी मंजूरी दे दी।

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, ‘मंत्रिमंडल द्वारा अनुमोदित नए विधेयक के तहत उर्दू, कश्मीरी, डोगरी, हिंदी और अंग्रेजी जम्मू-कश्मीर की आधिकारिक भाषाएं होंगी।’ इस फैसले पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, ‘जम्मू और कश्मीर में डोगरी, हिंदी और कश्मीरी को आधिकारिक भाषाओं के रूप में शामिल करना न केवल लंबे समय से लंबित सार्वजनिक मांग की पूर्ति है, बल्कि 5 अगस्त, 2019 के बाद समानता की भावना को ध्यान में रखते हुए इसे मंजूरी दी गई है।