देश के सबसे बड़े अर्द्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में भी कोरोना संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। सीआरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी के एक स्टाफ के COVID-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद दिल्ली में सीआरपीएफ मुख्यालय को अगले आदेश तक सैनिटाइजेशन के लिए सील कर दिया गया है।इसके साथ ही CRPF के कुल 40 अधिकारियों और कर्मचारियों सहित एक विशेष महानिदेशक रैंक के अधिकारी, उप महानिरीक्षक को भी होम क्वारंटीन कर दिया गया है। साथ ही मुख्याल बिल्डिंग में किसी के भी आने-जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। सीआरपीएफ और स्वास्थ्य कर्मी संक्रमित स्टाफ के संपर्क में आने वालों का पता लगाने में जुट गए हैं।बता दें कि सीआरपीएफ की दिल्ली स्थित एक बटालियन में कोविड-19 से संक्रमित जवानों की संख्या बढ़कर 135 हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। ये जवान राष्ट्रीय राजधानी के मयूर विहार फेस-3 इलाके में स्थित अर्द्धसैन्य बल की 31वीं बटालियन के हैं। पिछले कुछ दिनों में यहां कोरोना वायरस के मामले बड़ी संख्या में सामने आने के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस बटालियन के कुल 135 जवान विषाणु से संक्रमित पाए गए हैं। यूनिट से कुल 480 नमूने लिए गए थे, जिनमें से 458 की रिपोर्ट आ चुकी है और 22 का इंतजार किया जा रहा है। नमूनों के त्वरित संग्रह को सुनिश्चित करने के लिए बटालियन के परिसर में एक सचल कोरोना वायरस जांच प्रयोगशाला तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि परिसर में और इसके आसपास एक विशेष संक्रमणमुक्त करने का अभियान चलाया जा रहा है।