खबरें देश की (Rashtra Pratham) :- आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) साढ़े पांच करोड़ रुपये से जोनल पार्क ताजनगरी फेज-दो में आगरा चौपाटी बनाने जा रहा है। इसमें तीन माह का समय लगेगा। 28 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। एक ही छत के नीचे देसी और विदेशी पर्यटक पारंपरिक जायकों का मजा ले सकेंगे। इसमें छोटे-भटूरे, दालबाटी, आइसक्रीम, आधा दर्जन वैरायटी के डोसा सहित अन्य शामिल हैं। चौपाटी को जयपुर राजस्थान के मसाला चौक की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। एडीए अफसरों ने चौपाटी में भूमि भूजन किया। वहीं, एडीए उपाध्यक्ष डाॅ. राजेंद्र पैंसिया ने जोनल पार्क का निरीक्षण किया।एडीए ने ताजनगरी में जोनल पार्क विकसित किया है।
पार्क में झूले लगे हुए हैं। पार्क से सटकर जमीन खाली पड़ी है। इसी जमीन पर आगरा चौपाटी को विकसित किया जाएगा। एक तरफ 28 दुकानें होंगी। एडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि 100 वर्ग मीटर का एसी हाल भी बनाया जाएगा। 700 वर्ग मीटर क्षेत्र में बैठने की व्यवस्था होगी जिसमें एक साथ 300 लोग आसानी से बैठ सकेंगे। आधा दर्जन महिला और पुरुष शौचालय, गार्ड रूम, पीने का पानी उपलब्ध रहेगा। उन्होंने बताया कि चौपाटी में नामचीन ब्रांड की दुकानें खुलेंगी, जबकि हर दुकान के बाहर दो रंग के डस्टबिन रहेंगे। सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उधर, मुख्य नगर नियोजक आरके सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने चौपाटी का भूमि भूजन किया। नगर नियोजक प्रभात कुमार, एपी सिंह, सुधांशु शर्मा, हर्ष मित्तल, एसके गोयल, संजीव जैन, अमित कुमार, राजकुमार मौजूद रहे।