खबरें देश की (Rashtra Pratham) :- बेंगलुरु के राजाजीनगर ईएसआई अस्पताल में स्टाफ और डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। दो कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत के 15 महीने बाद अस्पताल के मर्च्युरी में उनकी बाडी मिली है। अस्पताल के सफाइकर्मियों को मर्च्युरी में सफाई के दौरान कोल्ड स्टोरेज से शव मिले है। सोमवार को अधिकारियों द्वारा दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राजाजीनगर पुलिस ने मामला अपने हाथ में ले लिया है और मृतकों के परिजनों का पता लगाने की कोशिश की है। टैग की मदद से एक मृतक की पहचान चामराजपेट निवासी दुर्गा उम्र 40 वर्ष और दूसरे मृतक की पहचान मुनिराजू उम्र 35 वर्ष केपी अग्रहारा बेंगलुरु निवासी के रूप में हुई है। दुर्गा के पति की मौत हो चुकी है और उनके परिवार ने शव लेने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है। पुलिस मुनिराजू के परिजनों का पता नहीं लगा पाई है। पुलिस ने कहा कि मुनिराजू के परिवार के सदस्यों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।