खबरें देश की (Rashtra Pratham) दिल्ली पुलिस ने भाजपा की मदद से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घर में ही नजरबंद किया है। यह आरोप आम आदमी पार्टी ने लगाया है। ‘आप’ ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए बताया कि सीएम जब से सिंघू बॉर्डर पर किसानों से मिलकर वापस आए हैं तब से पुलिस ने उन्हें नजरबंद करके रखा है। सीएम की आज की सभी बैठक रद्द हो गई है।आप ने आरोप लगाया कि गृह मंत्रालय के आदेश पर पुलिस ने दिल्ली नगर निगम के तीनों मेयर को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के मुख्य गेट के बाहर धरने पे बैठा दिया है और इसका बहाना बना कर पुलिस ने मुख्यमंत्री के घर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी है। इसके चलते ना केजरीवाल से कोई मिलने आ सकता है और ना वो कहीं बाहर जा सकते हैं। आज भारत बंद के चलते गृह मंत्रालय के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने ये किया है।