दिल्ली में प्राथमिकता श्रेणी में 51 लाख लोग, सरकार टीका लगाने के लिए पूरी तरह तैयार: केजरीवाल

खबरें देश की (Rashtra Pratham): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार टीकाकरण के पहले चरण में टीके प्राप्त करने, उनका भंडारण करने और उन्हें शहर में प्राथमिकता श्रेणी वाले लोगों को लगाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

केजरीवाल ने कहा कि सरकार केंद्र से टीका मिलते ही टीकाकरण अभियान शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है और तीन प्राथमिकता श्रेणियों के उन लोगों के पंजीकरण का काम जारी है, जिन्हें सबसे पहले टीका लगेगा। मुख्यमंत्री ने एक डिजिटल संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘दिल्ली में प्राथमिकता श्रेणी में 51 लाख लोग हैं, जिनमें तीन लाख स्वास्थ्य कर्मी, अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे छह लाख कर्मी, 50 साल से अधिक आयु के लोग एवं किसी न किसी अन्य बीमारी से ग्रस्त 50 साल से कम आयु के 42 लाख लोग हैं।’’