सबौर में ट्रांसफार्मर का फेज उड़ने से 16 घंटे बिजली गुल

बिजली विभाग की लापरवाही के कारण भागलपुर के सबौर स्थित पत्रकार नगर कॉलोनी में ट्रांसफार्मर का फेज उड़ने से 16 घंटे तक बिजली बाधित रही। उमस भरी गर्मी में उपभोक्ताओं को कम वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या झेलनी पड़ी।

बिजली विभाग की कार्यशैली का इससे बड़ा नमूना और क्या होगा कि ट्रांसफार्मर से फेज उड़ने के बाद उसे जोड़ने में करीब 16 घंटे लग गए। वह भी तब, जब बाढ़ और वर्षा का मौसम है और उमस भरी गर्मी के बीच बिजली लोगों के लिए बेहद जरूरी है।

सबौर नगर पंचायत की पत्रकार नगर कोलोनी में गुरुवार दोपहर से शुक्रवार सुबह तक उपभोक्ता बिजली की समस्या से जूझते रहे। विभाग की कथित त्वरित सेवा के दावे मौके पर पहुंचते-पहुंचते सीढ़ी तक की कमी में दम तोड़ते नजर आए।