लखनऊ और आगरा में पेट्रोल की कीमतों ने लगाई सेंचुरी

क्रिकेट के मैदान में तो देशवासियों को भारतीय खिलाड़ियों से हमेशा शतक की उम्मीद लगी रहती है, लेकिन जिस तरह से पेट्रोल (Petrol) की कीमतों ने शतक लगाया है उसने वाकई आम आदमी की जेब पूरी तरह से ढीली कर दी है. ये ऐसा शतक है जिसे हर कोई नापसंद कर रहा है. देश में डीजल (Diesel), पेट्रोल और एलपीजी (LPG) के दामों में लगातार इजाफा हो रहा है. पेट्रोलियम पदार्थों में रोजाना बढ़ोतरी से आम हो या खास हर कोई परेशान है. लगातार पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल की कीमतों में हो रहे इजाफे से इतिहास में पहली बार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) में पेट्रोल की क़ीमत 100 रुपये के पार पहुंच गई है. इसके अलावा घरेलू रसोई गैस सिलिंडर में भी बढ़ोतरी हुई है. घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की क़ीमत में 15 रुपये की बढ़ोतरी हुई है.