खबरें देश की (Rashtra Pratham) दिल्ली के उत्तर-पश्चिम इलाके की जिला पुलिस ने लकी ड्रॉ में विजेता होने का झांसा देकर दो हजार लोगों से 30 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है। पुलिस ने कुशवपुरम स्थित इस फर्जी कॉल सेंटर से गिरोह के पांच सदस्यों को दबोचा है।
डीसीपी विजयंता आर्या ने बताया कि जहांगीरपुरी निवासी विनीत ने स्थानीय थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसे ऑनलाइन शापिंग कंपनी की तरफ से फोन आया था और लकी ड्रॉ में कार निकलने की बात कही गई थी। इसके लिए बैंक खाते में छह हजार रुपये जमा कराए गए लेकिन कभी कार नहीं मिली। जांच में पता चला कि विनीत के साथ ठगी हुई है।डीसीपी ने बताया कि साइबर सेल प्रभारी इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह की टीम जांच सौंपी गई। पुलिस को टेक्निकल सर्विलांस से मालूम हुआ कि केशवपुरम स्थित एक फर्जी कॉल सेंटर से इस तरह की ठगी की जा रही है। इस जानकारी के बाद इंस्पेक्टर अजय कुमार के नेतृत्व में एसआई मुक्ता और एसआई सीताराम ने 15 दिसंबर को छापा मारा, जहां चार शख्श लोगों को फोन करते मिले। इनकी पहचान मणि कार्तिक, मणिमुट्टू, के राहुल और सी शिवा के रूप में हुई। पुलिस ने ठगी के रुपये के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाली महिला प्राची अरोड़ा को भी रविवार को बुराड़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया।