मोहाली में एक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी को साइबर ठगों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर 30 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने खुद को एसबीआई अधिकारी और ‘बॉम्बे फ्रॉड डिपार्टमेंट’ का बताकर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में फंसाने की धमकी दी।
साइबर ठगों ने फेज-3बी1 निवासी 84 वर्षीय सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट कर 30 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने पहले खुद को एसबीआई कस्टमर केयर अधिकारी बताकर क्रेडिट कार्ड से एक लाख रुपये की धोखाधड़ी का डर दिखाया।
इसके बाद कॉल को कथित ‘बॉम्बे फ्रॉड डिपार्टमेंट’ से जोड़कर पीड़ित को मनी लाॅन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी दी गई। डिजिटल जांच के नाम पर दोनों बैंक खातों और एफडी की जानकारी लेने के बाद ठगों ने आरबीआई को रकम भेजने का झांसा देकर 30 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
पुलिस को दिए बयान में दविंदरपाल सिंह ने बताया कि 19 सितंबर को उन्हें फोन आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम अतुल कुमार चौधरी बताते हुए खुद को एसबीआई कस्टमर केयर कर्मचारी बताया। उसने कहा कि 21 मई को उनके नाम पर क्रेडिट कार्ड जारी हुआ था और उससे एक लाख रुपये निकाले गए हैं।