बलिया के बांसडीह तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर फिर बढ़ने से 23 राजस्व ग्राम जलमग्न हो गए हैं। सैकड़ों एकड़ फसलें डूब गईं और कई गांवों का संपर्क कट गया।
जिले में सरयू नदी का जलस्तर घट रहा था। वहीं, घटती लहरों ने एक बार फिर उफनाकर तांडव मचा दिया। पिछले दो दिनों में नदी के जलस्तर में हुई अचानक बढ़ोतरी से तहसील क्षेत्र के निचले इलाके फिर से जलमग्न हो गए हैं।
गांवों में पानी घुसने से हाहाकार मचा है।बाढ़ का पानी एक बार फिर गांवों को घेर चुका है। प्रशासन के अनुसार तहसील बांसडीह के 23 राजस्व ग्राम सरयू से प्रभावित हैं।
प्रभावित गांवों में भोजपुरवा, सुल्तानपुर पोखरापर, मनियर खास, ककरघट्टा खास, दियरा मनियर, पटखौली पश्चिम, महाराजपुर, कमालपुर, चकविलियम, चांदपुर, कोलकला, चितबिसावं कला, चितबिसावं खुर्द, रेंगहा, कचनार, कीर्तिपुर, पर्वतपुर, सारंगपुर, दियरा भागर, गम्हरियाडीह दियरा, रामपुर नम्बरी, खेवसड़ और एलासगढ़ खास शामिल हैं।