पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू शनिवार को पाकिस्तान के करतारपुर स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब के दर्शन करने के लिए गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक स्थित करतारपुर कारिडोर के एकीकृत चेक पोस्ट पर पहुंचे। करतारपुर पहुंचे सिद्धू का गर्मजोशी से स्वागत हुआ। उनपर पुष्प वर्षा हुई। हालांकि, इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसा कहा, जिससे माहौल गर्म हो गया है। दरअसल, सिद्धू ने उनके स्वागत में आए लोगों से बातचीत के दौरान पाकिस्तान के पीएम इमरान खान को अपना बड़ा भाई बता दिया।नवजोत सिंह सिद्धू ने श्रीकरतारपुर साहिब गुरुद्वारा पहुंचकर दर्शन किए। वहीं, सिद्धू का एक वीडियो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अमित मालवीय ने ट्वीट किया। इसमें वे इमरान खान के बारे में हो रही बात के बाद यह कहते हुए दिख रहे हैं, ‘मेरा बड़ा भाई है और उसने मुझे बहुत प्यार दिया है।’ इसपर भाजपा हमलावर है और सिद्धू को अब के व पिछले पाकिस्तान के दौरे को लेकर घेर रही है।