हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं हरियाणा कॉन्फेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने आरोप लगाया कि धान की खरीद और उठान धीमा होने से प्रदेश की मंडियों में फसल के ढेर लगे हैं और किसान तथा आढ़ती परेशान हैं। उन्होंने सरकार से धान की खरीद और उठान में तेजी लाने तथा किसानों को समय पर भुगतान करने की मांग की। वे उकलाना मंडी में किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर खरीद व्यवस्था का जायजा ले रहे थे।
गर्ग ने कहा कि प्रदेश में तीन बार हुई बारिश से धान और बाजरे की फसल को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। ऐसे में सरकार को खरीद और उठान की प्रक्रिया में तेजी लाकर किसानों को राहत देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर अनाज उगाता है, लेकिन खरीद में देरी और समय पर भुगतान न होने से उसे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने धान और गेहूं पर आढ़तियों का कमीशन घटाने पर भी नाराजगी जताई।
गर्ग के अनुसार, पिछले 30 वर्षों से सरकारी खरीद पर आढ़तियों को ढाई प्रतिशत कमीशन मिलता था, जबकि महंगाई बढ़ने के बावजूद इसे घटा दिया गया। उन्होंने सभी सरकारी खरीद पर आढ़तियों को पूरा ढाई प्रतिशत कमीशन देने की मांग की। गर्ग ने कहा कि मंडियों में व्यापार लगातार कम हो रहा है और युवा पीढ़ी आढ़त के बजाय दूसरे व्यवसायों की ओर जा रही है। इस अवसर पर धर्मपाल धायल, सुभाष फरोदपुरिया, गुलशन बढला, बलराज गर्ग, सतीश दनौदा, सुरेश गर्ग, बलवान घायल, बलजीत नंबरदार, सचिन अरोड़ा, रामनिवास जैन, संजय गोयल, विनोद गोयल, पवन जैन, श्याम सुंदर बंसल, श्याम भाटिया और राजेंद्र बंसल सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी विचार रखे।