खबरें देश की (Rashtra Pratham) दिवाली से पहले दिल्ली की सड़कें दूधिया रोशनी से चमकेंगी। दिल्ली सरकार का लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) आने वाले सप्ताह भर में दिल्ली की प्रमुख 400 किमी सड़कों की लाइटों को बदलने जा रहा है। इन सड़कों पर अब सफेद (दूधिया) रोशनी देने वाली एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।दिल्ली की सड़कों पर स्मार्ट एलईडी लाइट लगाई जाएंगी। इसके तहत दिल्ली सरकार को प्रतिमाह लगभग 3 करोड़ रुपये की बचत भी होगी। मौजूदा समय में लगभग 6 करोड़ रुपये प्रतिमाह स्ट्रीट लाइटों के संचालन पर खर्चा आता है। मुख्यमंत्री स्ट्रीट लाइट योजना के तहत दिल्ली में लगभग 72 हजार स्ट्रीट लाइटों को बदला जाना है।दिल्ली में लगने वाली स्मार्ट एलईडी में एक सेंसर लगा होगा। इसके लिए पीडब्लूडी के हर जोन में कंट्रोल रूम बनाएगा। इससे लाइट खराब होने या ऑन नहीं होने पर संबंधित जोन के कंट्रोल रूम को मैसेज मिल जाएगा, ताकि 24-48 घंटे में ठीक किया जा सकेगा। इन लाइटों में इस तरह का उपकरण लगाया जाएगा, जो अंधेरा होने पर स्वयं ही जल जाएंगी। यदि किसी कारण से दिन में अंधेरा हो जाता है तो भी लाइटें स्वयं ही जल जाएंगी।
दिल्ली सरकार बिजली बचाने के लिए एलईडी लाइटें लगाने की योजना पर काम कर रही है। जिससे प्रति माह बिजली के बिल में 3 करोड़ रुपये बचाए जा सकेंगे। इस योजना के तहत स्ट्रीट लाइटों के बल्व एलईडी में बदले जाएंगे। इसके तहत दिल्लीभर में 72 हजार 299 स्ट्रीट लाइटें एलईडी में बदली जाएंगी। इस योजना को एक साल में पूरा किया जाना है। इस योजना पर लोक निर्माण विभाग काम कर रहा है।