: दिल्ली-NCR में रसोईघर से बढ़ने लगी प्याज और टमाटर की दूरी, देखें- सब्जियों की रेट लिस्ट

राजधानी दिल्ली के लोगों पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। दिल्ली में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। इसकी वजह से किचन का बजट बिगड़ गया है। गाजीपुर सब्जी मंडी के एक विक्रेता का कहना है, थोक में टमाटर की कीमत 60 रुपये प्रति किलोग्राम है। दाम बढ़ने की पीछे की वजह बताते हुए दुकानदार का कहना है कि बारिश की वजह सब्जियों के उत्पादन पर असर पड़ा है। इसके अलावा पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ रहीं कीमतें भी इसकी मुख्य वजह है।दरअसल माल ढुलाई करने वाले वाहनों का किराया बढ़ गया है। दिल्ली में बाहर से आने वाली सब्जियों की ढुलाई की वजह से सब्जी विक्रेता इसके भी दाम बढ़ा दिए हैं।मिली जानकारी के अनुसार, खुदरा बाजार में टमाटर की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। मंडी में टमाटर 60 रुपये प्रति किलोग्राम तो खुदरा बाजार में इसकी कीमतें 80 रुपये प्रति किलो या फिर उससे ज्यादा हो गई है। इसके अलावा अन्य हरी सब्जियों के दाम भी तेजी से बढ़े हैं। इसके साथ ही प्याज की कीमतें भी बढ़ी हैं। सब्जियों के दाम बढ़ने से लोगों को जेब हल्की करनी पड़ रही है।

वहीं, आजादपुर सब्जी मंडी में भी सब्जियों की कीमतों में उछाल आया है। टमाटर के दाम भी तेजी से बढ़े हैं। एक महीने पहले थोक में अधिकतम 20 रुपये किलो तक बिकने वाला टमाटर अब 60 रुपये तक पहुंच गया है। इसकी वजह खुदरा बाजारों में टमाटर प्रति किलो 80 रुपये में बिक रहा है।

गुरुग्राम में भी रसोईघर से बढ़ने लगी प्याज और टमाटर की दूरी

सब्जी      भाव रुपये प्रति किलो

टमाटर        50 से 80

प्याज         55 से 60

आलू          20 से 25

ब्रोकली              400

फूल गोभी           80

कद्दू                   40

मशरूम             200

करेला                80

घीया                 40

खीरा                 60

मेथी (साग)       120

मूली                  50

लहसुन            120

टमाटर, प्याज समेत अन्य सब्जियों के लगभग यही दाम एनसीआर के अन्य शहरों में भी है।