जमुई में सात वर्षीय बच्ची की हत्या के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने पीड़ित परिवार से मिलकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया और पुलिस को त्वरित जांच के निर्देश दिए।नगर थाना क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या की दिल दहला देने वाली वारदात के बाद स्थानीय स्तर पर गहरा आक्रोश व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री सह स्थानीय विधायक श्रेयसी सिंह ने गुरुवार को पीड़ित परिवार के आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए ढांढ़स बंधाया और आश्वस्त किया कि इस हृदयविदारक घटना के गुनहगारों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
घटनास्थल पर मौजूद परिजनों से मंत्री श्रेयसी सिंह ने पूरे मामले की बिंदुवार जानकारी ली। इस दौरान मृतका के माता-पिता व अन्य परिजन फूट-फूटकर रो पड़े और पुलिसिया कार्यप्रणाली को लेकर अपनी व्यथा साझा की। परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्ची की नृशंस तरीके से जान ली गई है और जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उन्हें चैन नहीं मिलेगा। मंत्री ने परिजनों की बातों को बेहद गंभीरता से सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ उनके साथ खड़ा है।