कानपुर में थाईलैंड युवती से शादी के नाम पर 60 लाख की ठगी, मतांतरण का दबाव

थाईलैंड की एक युवती ने कानपुर के इरफान पर शादी के नाम पर 60 लाख रुपये ठगने और मतांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। युवती ने एडीसीपी पूर्वी से शिकायत की है, जिसके बाद अनवरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

 अनवरगंज क्षेत्र के लाटूश रोड निवासी इरफान पर थाईलैंड की युवती ने शादी के नाम पर करीब 60 लाख रुपये हड़पने और रकम वापस मांगने पर मतांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि करीब चार वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से इरफान से उसकी दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों थाईलैंड में मिले और वहीं शादी कर ली। आरोप है कि शादी के बाद इरफान ने अलग-अलग जरूरतें बताकर उससे करीब 60 लाख रुपये लेकर हड़प लिए।

थाईलैंड निवासी पीड़िता के अनुसार, जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो इरफान ने भारत में स्थायी रूप से रहने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। आरोप है कि उसे बुर्का पहनने के लिए भी कहा गया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि इरफान ने उसे यह नहीं बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चे भी हैं। युवती के अनुसार इरफान की करीब 12 वर्ष पहले शादी हो चुकी है इसके बावजूद उसने थाईलैंड जाकर उससे शादी की।

मामले को लेकर पीड़िता ने एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह से शिकायत की। एडीसीपी ने बताया कि इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान लाटूश रोड निवासी इरफान से हुई थी। आरोप है कि इरफान ने गलत तथ्यों की जानकारी देकर उससे शादी की और अपनी जरूरतें बताकर करीब 60 लाख रुपये ले लिए। रकम वापस मांगने पर उस पर भारत में स्थायी रूप से रहने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया।