अमरावती के अस्पताल में वेंटिलेटर फटने से लगी आग, 3 नवजात की मौत

महाराष्ट्र के अमरावती स्थित एक महिला अस्पताल में वेंटिलेटर फटने से आग लगने के कारण तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई। इस हादसे में 36 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

अमरावती के जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के भीषण आग लगने की घटना सामने आई। अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा विभाग (NICU) में लगी इस आग में तीन नवजात बच्चों की धुएं के कारण दम घुटने से मौत हो गई।

इस घटना से अमरावती शहर सहित पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। आग लगने के बाद अन्य बच्चों को तत्काल बाहर निकाला गया, जबकि छह नवजात शिशुओं का अमरावती के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे नवजात शिशु गहन चिकित्सा विभाग में लगे एक वेंटिलेटर में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट के कुछ ही पलों बाद आग लग गई और गहन चिकित्सा विभाग में धुएं का गुबार फैल गया। आग तेजी से फैलने के कारण अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।