खगड़िया के एक युवक और कटिहार के दो स्टूडेंट्स के खाते में अचानक रुपए आने का मामला अभी खत्म भी नहीं हुआ है कि मुजफ्फरपुर में भी एक बुजुर्ग के खाते में 52 करोड़ रुपए आ गए हैं। कटरा थाना क्षेत्र का यह मामला आग की तरह गांव में फैला तो अन्य लोग भी अपने अकाउंट चेक करने बैंक और CSP सेंटर पहुंचने लगे हैं। वहीं, बैंक अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।बुजुर्ग राम बहादुर शाह ने बताया- “वृद्धा पेंशन चेक कराने बैंक के नजदीकी CSP (कस्टमर सर्विस प्वाइंट) संचालक के पास गए। संचालक ने बताया कि आप के खाते में 52 करोड़ से अधिक राशि है। यह सुनकर हम हैरान हो गए कि आखिर राशि कहां से आई? खेती किसानी करके जीवन यापन करते हैं। सरकार से यही मांग करेंगे कि उस राशि से कुछ हमें भी मुहैया करा दिया जाए जिससे हमारा बुढ़ापा गुजर जाए।’ उनका खाता उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक में है।बेटे सुजीत का कहना है- “इतना पैसा कहां से आया, किसी को नहीं पता। पिता जी के खाते में हज़ार-दो हज़ार रुपए से कभी ज़्यादा नहीं होते हैं। पूरा परिवार किसान है। आमदनी बहुत अच्छी नहीं है।’कटरा थाने के सब इंस्पेक्टर मनोज पांडे ने बताया- “स्थानीय लोगों और मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है। वरीय पदाधिकारी को अवगत करा दिया है। जो निर्देश होगा उसी अनुसार जांच की जाएगी। बुजुर्ग के बैंक खाता का पूरा डिटेल्स पुलिस निकालने में जुट गई है।’बुधवार को कटिहार के आजम नगर के पस्तिया गांव के दो स्कूली बच्चों आशीष और गुरु चरण विश्वास के अकाउंट में 911 करोड़ रुपए आ गए थे। दोनों स्टूडेंट नॉर्थ बिहार ग्रामीण बैंक में खाता धारक है। आशीष के खाते में 6 करोड़ 20 लाख 11 हजार 100 रुपए आए थे। गुरु चरण विश्वास के खाते में 905 करोड़ से अधिक रुपए आए थे। इसके बाद कटिहार में बैंकों और ATM के बाहर लोगों की लाइन लग गई थी।कटिहार के 2 स्कूली छात्रों के बैंक खाते में आ गए 911 करोड़इससे पहले खगड़िया जिले में एक बड़ा ही दिलचस्प मामला सामने आया था। रंजीत दास के खाते में अचानक साढ़े पांच लाख रुपये आ गए। खाते में रुपये आने के बाद उस व्यक्ति को लगा कि पीएम मोदी ने उसके खाते में ये रुपये भेजे हैं। उसने अपने खाते से वो रुपये निकाल लिए और खर्च करना शुरू कर दिया।बैंक की ओर से रंजीत दास को रुपये वापस करने के संदर्भ में कई नोटिस भी भेजे गए, लेकिन उसने पैसे वापस करने से साफ मना कर दिया। आखिरकार, बैंक की ओर से रंजीत दास के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने रंजीत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।