IGI एयरपोर्ट के T3 पर भरा पानी

जन्माष्टमी पर दिल्ली-एनसीआर में हुई भारी बारिश से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर जलभराव हो गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें अगले तीन घंटों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।जन्माष्टमी पर दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी में हुई भारी बारिश का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी दिखाई दिया। एयरपोर्ट परिसर में भारी जलभराव होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।एयरपोर्ट पर काम करने वाले लोगों ने भी इस तरह के जलभराव को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि कई वर्षों से एयरपोर्ट पर काम करने के बावजूद उन्होंने इतना पानी जमा होते पहले नहीं देखा। इससे एयरपोर्ट की छवि पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई।

लोगों ने जलभराव के पीछे ड्रेनेज या सीवर में रुकावट की आशंका जताते हुए पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत बताई।

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश और गरज-चमक की संभावना है।

अगले तीन घंटों में दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर 50 से 100 मिलीमीटर तक भारी बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान बिजली कड़कने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।