मुंबई से एक और संदिग्ध पकड़ा गया, प्रयागराज में एक वॉन्टेड का सरेंडर

Main Stories (Rashtra Pratham) :- दिल्ली में पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल से जुड़े एक और व्यक्ति को देर रात महाराष्ट्र ATS ने मुंबई के नागपाड़ा इलाके से गिरफ्तार किया है। उसका नाम जाकिर है। उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। दिल्ली की स्पेशल सेल की टीम उसे कस्टडी लेने की कोशिश करेगी। ISI-अंडरवर्ल्ड के टेरर मॉड्यूल में वॉन्टेड चल रहे हुमैद उर्रहमान ने प्रयागराज के करेली पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर दिया है। हुमैद दिल्ली में गिरफ्तार ओसामा का चाचा है।

जांच में सामने आया है कि ओसामा का पिता दुबई में ISI के हैंडलर के रूप में काम करता था। वह दुबई में बैठे अपने भाई के इशारे पर भारत में मिशन को हैंडल कर रहा था। लखनऊ में गिरफ्तार आतंकी आमिर बेग की बहन का ससुर भी है हुमैद उर्रहमान। फिलहाल करेली थाने में हुमैद उर्रहमान से पूछताछ जारी है।

एक और वॉन्टेड ने सरेंडर करने का दावा किया
इस बीच प्रयागराज के रहने वाले शाहरुख ने भी एक वीडियो जारी कर खुद को सरेंडर करने की बात कही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। पोलेट्री फार्म चलाने वाले शाहरुख ने खुद को बेकसूर बताते हुए दावा किया है कि वह शुक्रवार को करेली पुलिस स्टेशन गया था और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। शाहरुख वही व्यक्ति है, जिसके पोल्ट्री फॉर्म से ATS और दिल्ली पुलिस ने IED बरामद की थी। दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़े जीशान की निशानदेही पर यह बरामदगी हुई थी।