उत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार वायु प्रदूषण बढ़ने की वजह से समस्या बढ़ती दिखाई दे रही है। राजधानी दिल्ली में तो हालात बेहद खराब हो गए हैं। सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख के बाद दिल्ली सरकार की आपात बैठक में इसको देखते हुए कई कड़े कदम भी उठाए गए हैं। बता दें कि दिवाली के बाद से ही दिल्ली समेत दूसरे राज्यों के विभिन्न शहरों में वायु प्रदूषण की वजह से एक्यूआई लेवल भी काफी बढ़ा हुआ है। दिल्ली के आनंद विहार इलाके में एक्यूआई लेवल रविवार सुबह 8 बजे 446 तक पहुंच गया जो गंभीर श्रेणी में आता है। इसी तरह जहांगीर पुरी में ये 403 था। दिल्ली के अन्य इलाकों में एक्यूआई की श्रेणी खराब से बेहद खराब के बीच रही है।