कश्मीर में आतंकी हिंसा से निपटने को सरकार ने कसी कमर

 सीआरपीएफ के महानिदेशक समेत एनआइए, आइबी और रा के दो दर्जन वरिष्ठ अधिकारियों ने कश्मीर में डेरा डाल लिया है। यह अधिकारी हाल ही में हुई आतंकी घटनाओं के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने में जुटे हुए हैं। इसके अलावा यह अधिकारी भविष्य मे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और आतंकियों की भर्ती पर पूरी तरह लगाम लगाने की रणनीति भी बनाएंगे। इस रणनीति की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 23 अक्टूबर को श्रीनगर में एक उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक में समीक्षा करेंगे।वहीं, सेनाध्यक्ष एमएम नरवणे भी आज जम्मू के दौरे पर हैं। पुंछ-राजौरी सेक्टर में बढ़ते आतंकवाद विरोधी अभियानों के बीच सेना प्रमुख सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे और सैनिकों और कमांडरों के साथ बातचीत करेंगे। सेना प्रमुख को नियंत्रण रेखा के साथ सुरक्षा ग्रिड और आंतरिक इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों के बारे में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी जानकारी देंगे।