ईरान को छलनी करने के लिए किन देशों को निशाना बनाने की तैयारी में अमेरिका

अमेरिका और ईरान के बीच बीते करीब छह महीने से जारी युद्ध में अब तक ट्रंप प्रशासन को खास सफलता नहीं मिली है। पहले वित्तीय स्तर पर और उसके बाद कूटनीतिक स्तर पर अमेरिका की ईरान को मुश्किल में डालने की हर कोशिश लगभग नाकाम हुई है। हालांकि, अब अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने प्रतिबंधों के जरिए ईरान को पंगु बनाने की योजना तैयार की है। बेसेंट ने इस अभियान को ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट करार दिया है, जिसके तहत अमेरिका कुछ ऐसे प्रतिबंध लगाने जा रहा है, जिससे न सिर्फ ईरान को, बल्कि उसके साथ किसी भी तरह से लेन-देन करने वालों को भारी नुकसान हो।

बेसेंट का कहना है कि अब उनका मकसद ईरान को जिंदा रखने वाली हर लाइफलाइन को काटना है, ताकि वह इस जंग में अकेला बचे। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसके लिए पूरी दुनिया के नेताओं को फोन कर रहे हैं और ईरान से समझौतों और व्यापार पर रोक लगाने के लिए कह रहे हैं। बेसेंट ने यह नहीं बताया कि ट्रंप ने किन देशों को इसके लिए फोन किया है या अमेरिका की तरफ से किसे-कब तक निशाना बनाया जाएगा। हालांकि, उनका इशारा साफ है कि अब ईरान को घेरने के लिए उसके व्यापारिक और सामरिक सहयोगियों को नुकसान पहुंचाया जाएगा।