अमेरिकी प्रत्यर्पण के खिलाफ कोर्ट पहुंचा ब्रिटिश-भारतीय कपल

ब्रिटेन में रह रहे भारतीय मूल के एक दंपति अमेरिकी प्रत्यर्पण से बचने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। उन पर भारत से अवैध दवाएं स्मगल करने और हेल्थ इंश्योरेंस स्कीमों से धोखाधड़ी का आरोप है।

ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय मूल के व्यवसायी सुखजीत सिंह घुमन (48) और उनकी पूर्व पत्नी किरणजीत घुमन (48) अमेरिका प्रत्यर्पण से बचने के लिए ब्रिटेन की अदालत में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।

दोनों पर भारत से गैर-मान्यता प्राप्त दवाएं अमेरिका तस्करी करने और मेडिकेयर जैसी अमेरिकी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप लगे हैं।

प्रॉसिक्यूटर के अनुसार, सुखजीत और किरणजीत के कैलिफोर्निया और एरिजोना में कैंसर क्लीनिक थे। आरोप है कि 2019 से 2023 के बीच इन क्लीनिकों में कैंसर के मरीजों को उनकी जानकारी के बिना विदेशी, गैर-मान्यता प्राप्त और एक्सपायर हो चुकी कीमोथेरेपी दवाएं दी गईं।

इसके बाद क्लीनिकों ने स्वास्थ्य बीमा कंपनियों को यह दिखाकर बिल भेजा कि मरीजों को यूएस एफडीए द्वारा स्वीकृत महंगी दवाएं दी गई थीं, इस हेरफेर से होने वाला भारी मुनाफा अपनी जेब में रख लिया। इसके अलावा उन पर बिना लाइसेंस एफडीए-मंजूर दवाएं खरीदकर दोबारा बेचने का भी आरोप है।