‘रावण’ अरविंद त्रिवेदी को पीएम नरेंद्र मोदी ने दी श्रद्धांजलि, ‘तारक मेहता…’ के नट्टू काका के निधन पर भी जताया अफ़सोस

लाइफ स्टाइल (Rashtra Pratham) :- बुधवार सुबह मनोरंजन जगत से एक दुखद ख़बर आयी। रामानंद सागर की रामायण में रावण का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए कलाकार अरविंद त्रिवेदी का दिल का दौरा पड़ने से 83 साल की उम्र में निधन हो गया। अरविंद त्रिवेदी के निधन के समाचार से देशभर में उनके चाहने वाले शोक में हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरविंद त्रिवेदी को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही तारक मेहता का उल्टा चश्मा के नट्टू काका यानी घनश्याम नायक को भी याद किया, जिनका हाल ही में निधन हुआ है। पीएम मोदी ने दोनों कलाकारों के साथ अपनी तस्वीरें शेयर करके ट्वीट किया- पिछले कुछ दिनों में हमने दो काबिल कलाकारों को खो दिया है, जिन्होंने अपने काम से लोगों के दिल जीते।

लोकप्रिय शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा के सबसे चर्चित कलाकार श्री घनश्याम नायक अपने बहुआयामी किरदार के लिए याद किये जाएंगे। वो बहुत विनम्र और दयालु थे। वहीं, अरविंद त्रिवेदी के लिए पीएम ने लिखा- हमने श्री अरविंद त्रिवेदी को खो दिया है, जो ना सिर्फ़ एक बेहतरीन कलाकार थे, बल्कि पब्लिक सर्विस के लिए भी उनमें जुनून था। कई पीढ़ियां उन्हें रामायण के लिए याद करेंगी। उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति संवेदनाएं।

ओम शांति। बता दें, अरविंद त्रिवेदी 1991 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। 2002 में उन्हें केंद्रीय फ़िल्म प्रमाणन बोर्ड यानी सेंसर बोर्ड (CBFC) का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। हिंदी सिनेमा में अरविंद त्रिवेदी ने पराया धन से डेब्यू किया था, जो 1971 में रिलीज़ हुई थी। इस फ़िल्म में राकेश रोशन, हेमा मालिनी और बलराज साहनी ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं। अरविंद त्रिवेदी काफ़ी वक़्त से फ़िल्मों और टीवी की चकाचौध से दूर थे। आख़िरी बार वो 1998 में गुजराती फ़िल्म में नज़र आये थे।