हृदय रोग से लेकर मधुमेह तक, इन बीमारियों में दवा समान है ग्रीन और ब्लैक टी

लाइफ स्टाइल (Rashtra Pratham) :- आजकल ग्रीन टी ट्रेंडिंग में है। डॉक्टर्स भी सेहतमंद रहने के लिए ग्रीन टी पीने की सलाह देते हैं। इनमें कई औषधीय गुण पाए जाते हैं, जो न केवल सेहत, बल्कि सुंदरता के लिए फायदेमंद साबित होते हैं। विशेषज्ञों की मानें तो ग्रीन टी में एंटी कैंसर, एंटी-डायबिटिक, एंटी-ओबेसिटी आदि गुण पाए जाते हैं। इसके लिए ग्रीन टी हृदय रोग से लेकर मधुमेह में दवा समान है। कई शोधों में खुलासा हो चुका है कि ग्रीन टी पीने से शुगर कंट्रोल में रहता है।

ग्रीन, ब्लैक और उलांग टी में प्रचुर मात्रा में फ्लेवोनॉयड पाया जाता है। वहीं, ग्रीन टी में कैटेचिन और ब्लैक टी में Theaflavin पाया जाता है।एक शोध में दावा किया गया है कि रोजाना 3 कप ग्रीन टी पीने से दिल का दौरा पड़ने का खतरा 20 फीसदी कम हो जाता है। वहीं, रोजाना 3 कप या उससे अधिक ग्रीन टी पीने से स्ट्रोक का खतरा 14 फीसदी कम हो जाता है। एक अन्य शोध में यह बताया गया है कि रोजाना 4 कप ग्रीन टी पीने से स्ट्रोक का खतरा 20 प्रतिशत कम हो जाता है।