नेताजी की जयंती पर सुखविंदर गाएंगे देशभक्ति के गाने

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के मौके पर पोर्ट ब्लेयर में म्यूजिक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सुखविंदर सिंह और नेहा भसीन इस कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे हैं। यहां वह अपनी सिंगिंग परफॉर्मेंस देंगे। कार्यक्रम से पहले दोनों नामी गायकों ने कहा कि वे अंडमान की स्थानीय प्रतिभाओं को उभारने की कोशिश करेंगे। बता दें कि 23 जनवरी 2023 को सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती है। इस मौके पर नेहा भसीन रविवार को परफॉर्म करेंगी। वहीं, सुखविंदर सिंह का शो महान स्वतंत्रता सेनानी के जयंती दिवस यानि 23 जनवरी को होगा।अपनी परफॉर्मेंस से पहले सुखविंदर सिंह ने कहा कि वह अपने शो में स्थानीय प्रतिभाओं के साथ प्रस्तुति देने की कोशिश करेंगे। इसे लेकर वह बेहद उत्साहित हैं। वहीं नेहा भसीन ने भी केंद्र शासित प्रदेश के युवाओं से द्वीपसमूह की संस्कृति और खूबसूरती को बरकरार रखने की गुजारिश की। नेहा भसीन ने कहा, ‘मैं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में लोकल सिंगिंग टैलेंट को बढ़ावा देना पसंद करूंगी, खासतौर पर यहां के लोक गायकों को आगे बढ़ाना पसंद करूंगी।’सिंगर सुखविंदर सिंह का कहना है, ‘पोर्ट ब्लेयर में होने जा रहे कार्यक्रम का हिस्सा बनकर मैं बेहद खुश हूं। मेरे पास अपनी खुशी का इजहार करने के लिए शब्द नहीं हैं। यह सिर्फ एक म्यूजिक प्रोग्राम नहीं होगा, बल्कि एक महायज्ञ होगा। हर एक गाना उन महान सेनानियों को समर्पित होगा, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी।’ बता दें कि सुखविंदर सिंह पोर्ट ब्लेयर में सेल्यूलर जेल का भी दौरा करेंगे। सिंगर यहां स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देंगे।