स्वास्थ्य समाचार (Rashtra Pratham) :- कोरोना की दूसरी लहर के बाद संभावित तीसरी लहर का डर लोगों में है। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में 512 बच्चों के पॉजिटिव होने की अफवाह फैली हुई। कुछ चैनल और सोशल मीडिया पर इस तरह की कई खबरें शेयर की जा रही हैं। दैनिक भास्कर ने जब इस मामले की सच्चाई का पता किया तो सामने आया कि ये झूठी खबर है। राजस्थान के किसी जिले में ऐसे हालात नहीं हैं। सच यह है कि पूरे राजस्थान में कुल संक्रमितों की संख्या 8 है। कुल एक्टिव केस 86 हैं।डूंगरपुर जिले में एक साथ 512 बच्चों के संक्रमित होने की खबर से लोग सकते में आ गए।। संभावित तीसरी लहर बच्चों के लिए घातक बताई जा रही है।
ऐसे में फेक न्यूज ने लोगों में डर पैदा कर दिया। इस खबर का प्रिंट शॉट लोगों ने भास्कर के साथ भी शेयर किया। भास्कर ने इस फेक्ट को चेक किया तो यह केवल अफवाह निकली। भास्कर ने खबर का प्रिंट शॉट CMHO डॉ. राजेश शर्मा को भेजा। उन्होंने कहा कि 26 जून के बाद से जिले में एक भी पॉजिटिव केस नहीं आया है। यह पूरी तरह फेक है। CMHO ने कहा कि लोग भ्रामक खबरों पर ध्यान नहीं दें और कोरोना गाइड लाइन का पूरा पालन करें।CMHO डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बाद डूंगरपुर जिला ढाई महीने से सुरक्षित है।
जिले में 72 दिनों से एक भी पॉजिटिव केस नहीं है। कोरोना की तीसरी लहर की संभावना विशेषज्ञों की ओर से जताई गई है, इसलिए सभी को सावधान रहने की जरूरत है। इन दिनों धार्मिक आयोजन बढ़े हैं। ऐसे में लोग भीड़भाड़ से बचे और सावधानी बरतें। खासकर बच्चों को बचाए, जिससे कि उनमें किसी तरह का संक्रमण नहीं फैले। CMHO ने इन दिनों हो रहे वायरल बुखार की जांच में कोताही नहीं बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लक्षण आते ही मरीज तुरंत ही नजदीक के अस्पताल में जाकर डॉक्टर को से टेस्ट कराएं।