MP में कोरोना के ज्यादातर केस ट्रैवल हिस्ट्री वाले:24 घंटे में 16 नए केस

मध्यप्रदेश में शुक्रवार को कोरोना के 16 नए मरीज मिले हैं। एक दिन पहले 5 नए मरीज मिले थे। शुक्रवार को मिले मरीजों में जबलपुर में 8, भोपाल-अनूपपुर में 2-2, इंदौर, ग्वालियर, बैतूल और सिवनी में 1-1 पॉजिटिव मरीज मिला है। सबसे खास बात है कि इनमें सबसे ज्यादा पॉजिटिव मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री मिली है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दो दिन पहले कोरोना को लेकर बुलाई बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी थी कि 1 से 8 सितंबर के बीच 120 लोग केस मिले। इनमें 65 लोगों को वैक्सीन का एक भी डोज नहीं लगा था। 18 लोगों ने पहला डोज और 37 लोगों ने वैक्सीन के दोनों डोज लगाए थे। मुख्यमंत्री ने लोगों से वैक्सीन की दोनों डोज लगाने और जनता से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील कर रहे हैं।

जबलपुर बन रहा हॉटस्पॉट प्रदेश में 5 दिनों में 57 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें सबसे ज्यादा जबलपुर में 29 केस मिले हैं। इसके बाद इंदौर में 9, भोपाल में 8, ग्वालियर में 2 संक्रमित मिले हैं। जबलपुर कोरोना का हॉट स्पॉट बन रहा है। यहां प्रदेश में सबसे ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं।

छोटे जिले संक्रमण की चपेट में
प्रदेश में छोटे जिले संक्रमण की जद में आ रहे हैं। यहां अधिकतर केस में ट्रैवल हिस्ट्री वाले संक्रमित मिल रहे हैं। 5 दिनों में अनूपपुर में 3 और बैतूल, सिवनी, सागर, रतलाम, राजगढ़ और उज्जैन में 1-1 मामला सामने आया है।

प्रदेश में 136 एक्टिव केस
राज्यों में कोरेाना के एक्टिव केस भी बढ़े हैं। 31 अगस्त को प्रदेश में 83 एक्टिव केस थे। 10 दिनों में एक्टिव केसों की संख्या 53 बढ़कर 136 पहुंच गई है। शुक्रवार को प्रदेश में 10 मरीज ठीक हुए।

पॉजिटिविटी दर 0.02%
प्रदेश में अब तक कोरोना के चलते 7 लाख 92 हजार 316 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 81 हजार 663 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना के कारण अब तक 10 हजार 517 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश में रिकवरी रेट अभी 98.65% और पॉजिटिविटी दर 0.01% से बढ़कर 0.02% पर आ गई।