ब्रिटेन में तेजी से फैल रहा नया कोविड स्ट्रेन XFG, अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या

ब्रिटेन में कोविड-19 का नया ‘XFG’ वेरिएंट तेजी से फैल रहा है, जिससे अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में 48% की वृद्धि हुई है। हालांकि, स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि समग्र संक्रमण स्तर नियंत्रण में है।

ब्रिटेन में कोविड-19 के नए ‘XFG’ वेरिएंट, जिसे ‘अमेरिकी कोविड’ स्ट्रेन भी कहा जा रहा है, तेजी से फैल रहा है। इसके चलते अस्पतालों में मरीजों के भर्ती होने की संख्या में 48% तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

यूके हेल्थ सिक्योरिटी एजेंसी (UKHSA) के आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड पॉजिटिविटी दर 5.9% से बढ़कर 7% हो गई है, जिसमें सबसे तेज उछाल लंदन और 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों में देखा जा रहा है।

इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के अनुसार, प्रति 100,000 लोगों पर साप्ताहिक अस्पताल में भर्ती होने की दर भी 0.81 से बढ़कर 1.20 हो गई है, यह लगभग 48% की वृद्धि के बराबर है।

जांच में सामने आ रहे आधे से अधिक मामले इसी ओमिक्रॉन रीकंपोजिट वेरिएंट के हैं। हालांकि, स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि समग्र संक्रमण स्तर अब भी नियंत्रण में है और स्थिति फिलहाल पैनिक की नहीं है, क्योंकि समग्र संक्रमण स्तर कम बना हुआ है और इस बात का कोई सबूत नहीं है कि XFG अधिक गंभीर बीमारी का कारण बनता है। फिर भी पात्र समूहों को शरदकालीन बूस्टर डोज लेने की सलाह दी गई है।