कोरोना के मोर्चे पर राहत भरी खबर

कोरोना के मोर्चे पर अच्छी खबर है, दूसरी लहर के प्रकोप के बाद देश में लगातार दूसरे दिन कोरोना के बीस हजार से कम नए केस सामने आए हैं. इनमें से भी दक्षिण राज्य केरल से ही सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 18,870  नए कोरोना केस आए और 378 कोरोना संक्रमितों की जान चली गई. वहीं 24 घंटे में 2,148 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं यानी कि 2,272 एक्टिव केस कम हो गए.केरल में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 11,196 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 46,52,810 हो गई. इसके अलावा 149  मरीजों की मौत के साथ ही मृतकों की तादाद 24,810 पर पहुंच गई है. सोमवार से 18,849 लोगों के संक्रमण से उबरने के बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 44,78,042 हो गई है. केरल में एक्टिव मरीजों की संख्या 1,49,356 है. बीते 24 घंटे में लगभग 96,436 कोविड 19 जांच की गईं. 14 जिलों में, तिरुवनंतपुरम में सबसे अधिक 1,339 नए मामले सामने आए. इसके बाद कोल्लम में 1,273 त्रिशूर में 1,271 एर्नाकुलम में 1,132, मलप्पुरम में 1,061 और कोझीकोड में 908 लोग संक्रमित पाए गए हैं.