हरियाणा के हिसार जिले के सीसर गांव में दहेज के लोभी ससुरालजनों ने रोहतक के महम की बेटी को तेल छिड़क कर आग लगा दी। गंभीर हालत में छोटा भाई अपनी बहन पिंकी को लेकर महम के सिविल अस्पताल पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मजिस्ट्रेट को बताया और पीजीआई आकर घायल महिला के बयान दर्ज करने का आग्रह किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट तुरंत पीजीआई पहुंचे व घायल महिला के बयान दर्ज किए। इसके बाद महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। फिर पुलिस ने मृतका के बयानों के आधार पर उसके पति, सास, देवर व सास के भाई पर हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। साथ ही मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि मृतका ब्यूटी पार्लर चलाती थी।दादरी के रहने वाले जयवीर ने बताया कि वे चार भाई-बहन हैं। सबसे बड़ा वह है। उसके बाद छोटा भाई संजय है। फिर बहन पिंकी थी और सबसे छोटा भाई सोनू है। पिता निहाल सिंह पेशे से जमींदार है। पिंकी की करीब 12 साल पहले सीसर गांव के रहने वाले धर्मजीत से शादी हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। जिसमें 12 साल की बड़ी बेटी इशिका, फिर 8 साल की बेटी और सबसे छोटा 5 साल का बेटा मयंक है।भाई के अनुसार, शादी के बाद से ही पिंकी के ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान करते थे। अकसर मारपीट करते थे। कई बार रिश्तेदारों के साथ मिलकर मामले का निपटारा भी करवाया गया था। कई बार पैसे भी दिए गए थे। मगर ससुराल वालों का लालच दिन पर दिन बढ़ता गया। हाल में फिर से उनकी तरफ से पैसों की मांग की जा रही थी।इसके चलते शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे पिंकी के साथ मारपीट करते हुए ससुरालियों ने उस पर तेल छिड़क कर आग लगा दी। सबसे छोटा भाई सोनू वहीं रहता है, जिसने अचानक से पिंकी के चीखने की आवाज सुनी और वह दौड़कर वहां गया। मौके पर मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। आरोप है कि आरोपियों ने सोनू को भी जान से मारने की धमकी दी थी।