गया जिले में एक भैंस के मालिकाना हक को लेकर शुरू हुआ विवाद अब वैज्ञानिक जांच तक पहुंच गया है। मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने मामले में डीएनए जांच कराने का निर्देश दिया है, ताकि दावों और आरोपों के बीच भैंस के वास्तविक मालिक की पहचान हो सके। साथ ही ग्रामीण एसपी को निष्पक्ष और त्वरित जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।गया के अतरी थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव में एक भैंस के मालिकाना हक को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हैं। पुलिस के मुताबिक, डीएनए जांच की रिपोर्ट के आधार पर ही तय होगा कि भैंस का असली मालिक कौन है। जानकारी के अनुसार, मोहड़ा प्रखंड के सेवतर गांव निवासी सूरज यादव की भैंस कुछ दिन पहले लापता हो गई थी। बाद में वह अतरी प्रखंड के उपथू महाचक गांव के नौरंगा टोला पहुंच गई, जहां प्रकाश मांझी ने उसे अपने पास रख लिया। सूरज यादव को जानकारी मिलने पर वह भैंस लेने पहुंचा, लेकिन दोनों पक्षों ने उस पर अपना-अपना दावा कर दिया।